नई दिल्ली, 25 अप्रैल 2026
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर की फर्जी तश्वीरें जारी करने के लिए पार्टी ने भाजपा के मंत्री प्रवेश वर्मा और सांसद बांसुरी स्वराज से माफी मांगने की मांग की है। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि प्रवेश वर्मा और बांसुरी स्वराज ने अरविंद केजरीवाल को सिर्फ बदनाम करने के लिए पिंटरेस्ट से तश्वीरें निकाल कर झूठ फैलाने की कोशिश की है। इसके पीछे एक बड़ी वजह यह है कि आम आदमी पार्टी मोदी जी के गृह राज्य गुजरात में मजबूत पकड़ बना चुकी है और पार्टी की बढ़ती ताकत से घबराई भाजपा को सत्ता गंवाने का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ ‘‘आप’’ बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों पर लड़ रहे हैं और यह भाजपा को हजम नहीं हो रहा है।
शनिवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि आज सुबह पहले भाजपा के एक मंत्री और फिर सांसद बांसुरी स्वराज ने इंटरनेट पर वेबसाइट पिंटरेस्ट की मुफ्त में उपलब्ध तस्वीरें जनता के सामने पेश कीं। कोई भी व्यक्ति थोड़ी सी खोज करेगा तो उसे पिंटरेस्ट वेबसाइट पर ये तस्वीरें मिल जाएंगी। इन तस्वीरों को इस तरह पेश किया गया मानो ये अरविंद केजरीवाल के घर की तस्वीरें हों, जो कि एक सफेद झूठ है। भाजपा के पास मुद्दों की इतनी कमी हो गई है कि वे इंटरनेट से तस्वीरें डाउनलोड करके अरविंद केजरीवाल को बदनाम करने की एक सोची-समझी गंदी साजिश रच रहे हैं।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के पुराने सरकारी घर को भी खोल दिया जाए और जहां प्रधानमंत्री मोदी रहते हैं उसे भी खोल दिया जाए। दोनों घरों को जनता के सामने रख दिया जाए और जनता खुद फैसला कर लेगी। लेकिन भाजपा इस बात से डर गई। भाजपा ने घेराबंदी कर दी और किसी को घर के अंदर नहीं घुसने दिया। इसलिए मुझे नहीं पता कि प्रवेश वर्मा किसके घर में घुसकर और तस्वीरें खींचकर पिंटरेस्ट पर डालकर जनता को दिखा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल मोदी जी के किले गुजरात में घुस चुके हैं। आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री के गृह राज्य में घुसकर उन्हें वहां से निकाल फेंकेगी और इसी बात का डर भाजपा को सता रहा है। इसीलिए भाजपा लगातार यह दुष्प्रचार और झूठा प्रचार कर रही है।
प्रियंका कक्कड़ ने सवाल किया कि क्या आज देश में मुद्दों की कमी है? क्या देश में रसोई गैस की किल्लत खत्म हो गई है? क्या लोगों के ऊपर से महंगाई का बोझ खत्म हो गया है? क्या मोदी जी ने रुपए की गिरती कीमत को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया है? क्या हमारी अर्थव्यवस्था और न लुढ़के, इसके लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया है? भाजपा का काम बस सरकारें तोड़ना, सरकारें गिराना, झूठ बोलना और दुष्प्रचार करना रह गया है। वे एक ऐसे व्यक्ति के ऊपर झूठे आरोप लगा रहे हैं जो एक आईआरएस अधिकारी रहे हैं और बहुत ऊंचे पद पर थे। वे चाहते तो बहुत पैसा कमा सकते थे, बड़े-बड़े बंगलों में रह सकते थे और अपना जीवन आसानी से व्यतीत कर सकते थे। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कठिनाई का रास्ता अपनाया क्योंकि वे चाहते हैं कि 2026 का भारत सच में 2026 जैसा ही लगे।
प्रियंका कक्कड़ ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल चाहते हैं कि हमारे देश के लोगों को आज भी बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों के लिए न लड़ना पड़े। दुर्भाग्य से देश की आजादी के बाद से ही भारत की जनता इन बुनियादी चीजों के लिए लड़ रही है और कोई भी पार्टी इन्हें पूरा नहीं कर पाई। अरविंद केजरीवाल वह व्यक्ति हैं जिन्होंने इन बुनियादी जरूरतों को पूरा करके लोगों की कार्यक्षमता को बढ़ाने का काम किया है। इसके कई प्रमाण हैं जिनमें दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों के शानदार नतीजे शामिल हैं।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के ये काम भाजपा से हजम नहीं हो पाते। भाजपा वह कोई भी काम नहीं कर पाती जो आम आदमी पार्टी ने किया है। वे कहीं महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा नहीं दे पाते, कहीं मुफ्त बिजली नहीं दे पाते, कहीं मुफ्त पानी नहीं दे पाते और न ही कहीं मुफ्त स्वास्थ्य सेवा या अच्छी शिक्षा दे पाते हैं। भाजपा का काम सिर्फ झूठ परोसना, सरकारें तोड़ना और पीएम केयर फंड जैसे मामलों में भ्रष्टाचार करना है। वे बंगाल में जाकर एक महिला को हराने के लिए पूरी छावनी लगा देते हैं। भाजपा पूरी तरह से एक निकम्मी और अक्षम सरकार है।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि आज एक वकील होने के नाते मुझे बहुत अफसोस है कि बांसुरी स्वराज ने भी लोगों को गुमराह करने का काम किया। उन्होंने पिंटरेस्ट से निकाली गई तस्वीरों को झूठे तरीके से जनता के सामने परोसने का काम किया। उन्हें यह झूठ फैलाने के लिए सभी लोगों से माफी मांगनी चाहिए। जो भी मीडिया संस्थान उनकी झूठी खबरें चला रहे हैं, उन्हें अपनी अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए। मीडिया को चाहिए कि पिंटरेस्ट से निकाली गई सच्ची तस्वीरें जनता के सामने रखे और बताए कि भाजपा किस तरह से दुष्प्रचार और झूठ फैलाती है।

