दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने 10 सितंबर 2026 को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर से 176 नए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों की तैनाती दक्षिण क्षेत्र के पांच वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण और कचरा परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए की जाएगी।
महापौर प्रवेश वाही
ने कहा कि दक्षिण क्षेत्र में 176 नए स्वच्छता वाहनों की तैनाती दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पांच वार्डों में होगी वाहनों की तैनाती
निगम के अनुसार, इन 176 वाहनों को दक्षिण क्षेत्र के वसंत विहार, वसंत कुंज, ग्रीन पार्क, ग्रेटर कैलाश और सी.आर. पार्क वार्डों में तैनात किया जाएगा। इनमें 150 प्राथमिक कचरा संग्रहण वाहन शामिल हैं। इनमें 112 टिपर और 38 ई-रिक्शा/थ्री-व्हीलर 
इन प्राथमिक वाहनों के जरिए घर-घर जाकर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके अलावा 26 द्वितीयक वाहनों को भी व्यवस्था में शामिल किया गया है। इनमें रिफ्यूज कलेक्टर, हुक लोडर, टाटा-407, जेसीबी और बॉबकैट जैसे वाहन शामिल हैं। इनका इस्तेमाल कचरे के उठान, परिवहन और प्रबंधन में किया जाएगा।
करीब 30 वाहन प्रति वार्ड उपलब्ध होंगे
महापौर ने बताया कि वर्तमान में इन पांच वार्डों में प्रत्येक वार्ड के लिए औसतन करीब 10 प्राथमिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध हैं। नए वाहनों की तैनाती के बाद यह संख्या बढ़कर लगभग 30 वाहन प्रति वार्ड हो जाएगी।
एमसीडी का अनुमान है कि इससे संबंधित वार्डों में कचरा संग्रहण क्षमता करीब 2.5 गुना तक बढ़ सकती है। इससे घर-घर कचरा संग्रहण की आवृत्ति और कवरेज में सुधार होने के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या को रोकने में भी मदद मिलेगी।
सभी नए वाहन इलेक्ट्रिक
निगम के अनुसार, नए वाहनों को इलेक्ट्रिक रखा गया है। इससे स्वच्छता सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। एमसीडी का लक्ष्य नागरिकों को समयबद्ध, नियमित और प्रभावी घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सुश्री सत्या शर्मा ने कहा कि स्वच्छता और कचरा प्रबंधन एमसीडी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों की तैनाती से जमीनी स्तर पर सफाई सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी। वहीं, प्राथमिक और द्वितीयक वाहनों की उपलब्धता बढ़ने से कचरे के संग्रहण से लेकर परिवहन तक की पूरी व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी।
नेता सदन श्री जय भगवान यादव ने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करना स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि 176 नए वाहनों की तैनाती से पांच वार्डों में सफाई व्यवस्था की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर प्रवेश वाही ने स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में नागरिकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से कचरे का उचित पृथक्करण करने और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही निगम के स्वच्छता कर्मियों को कचरा सौंपने की अपील की।
निगम आयुक्त श्री संजीव खिरवार ने कहा कि एमसीडी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक वैज्ञानिक, कुशल और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नए स्वच्छता वाहनों की तैनाती इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
रिपोर्टर; जैस्मिन कौर, मुख्य संवाददता दिल्ली
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

