दीप सिंह लखनऊ मुख्य संवाददाता दैनिक रुस्तम-ए-हिंद
पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की देर रात भूत और दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह के बाद जमकर हंगामा हुआ। सोशल मीडिया पर कैंपस में भूत होने और दो छात्राओं के गायब होने से जुड़ी बातें सामने आने के बाद बड़ी संख्या में छात्र एकजुट हो गए। प्रदर्शन के दौरान कैंपस में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाह के बाद जुटे छात्र
मामला 25 सितंबर की मध्यरात्रि का बताया जा रहा है। छात्रों के बीच सोशल मीडिया के जरिए यह चर्चा फैल गई कि यूनिवर्सिटी कैंपस में किसी छात्रा की पहले आत्महत्या हुई थी और उसके बाद उसका भूत हॉस्टल में छात्रों को परेशान कर रहा है। इसके साथ ही दो छात्राओं के लापता होने की बात भी सोशल मीडिया पर सामने आई।
हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि कैंपस में किसी छात्रा की आत्महत्या होने की बात सामने नहीं आई है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ शरारती तत्व रात में छात्रों के कमरों के दरवाजे खटखटाकर वहां से भाग जाते थे। इन्हीं घटनाओं के कारण छात्रों के बीच डर और अफवाह का माहौल बना।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प
हंगामे की सूचना मिलने के बाद थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा से पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
हंगामे के दौरान पुलिस की एक सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। केएसएम चौकी, सिटी राजपुरा के प्रभारी अजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की की सूचना है। कुछ छात्रों ने चौकी प्रभारी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था, जिसके बाद यूनिवर्सिटी की लैब में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
दो छात्राओं के लापता होने की भी फैली चर्चा
हंगामे के बीच दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया। सोशल मीडिया पर इस संबंध में पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आई। हालांकि, पुलिस के अनुसार अभी तक किसी छात्रा के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है।
डीएसपी सुखदेव सिंह ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। पुलिस के मुताबिक, अभी तक छात्रों में से कोई भी यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि कथित तौर पर लापता हुई दो छात्राएं कौन हैं। किसी छात्रा का नाम या पहचान भी पुलिस के सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों की जांच की जाएगी और छात्रों से मिली जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है तो उसके संबंध में भी नियमानुसार जांच की जाएगी।
CCTV फुटेज की होगी जांच
यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि रात में कमरों के दरवाजे खटखटाने और इसके बाद भागने की घटनाओं की CCTV फुटेज के जरिए जांच की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति इस तरह की शरारत या अफवाह फैलाने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों का प्रदर्शन शांत हुआ और वे अपने-अपने हॉस्टल की ओर लौट गए। पुलिस ने बताया कि फिलहाल यूनिवर्सिटी में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने अभिभावकों से की अपील
डीएसपी सुखदेव सिंह ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि यूनिवर्सिटी में स्थिति शांत है और छात्र सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर मौजूद है तथा सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखा जा रहा है।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों, कथित तौर पर छात्राओं के लापता होने की जानकारी और हॉस्टल में दरवाजे खटखटाने की घटनाओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से दो छात्राओं के लापता होने या कैंपस में किसी कथित ‘भूत’ से जुड़ी घटना की पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

