CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला, 160 साल पुराने टाउन हॉल का होगा कायाकल्प
नई दिल्ली: दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। चांदनी चौक स्थित करीब 160 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) और नगर निगम दिल्ली (MCD) के बीच समझौता हुआ है। समझौते के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और मेयर प्रवेश वाही समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
टाउन हॉल के साथ प्रेस बिल्डिंग और पार्क का भी विकास
इस परियोजना के तहत केवल ऐतिहासिक टाउन हॉल ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी प्रेस बिल्डिंग और पार्क को भी संरक्षित और विकसित किया जाएगा। पूरा परिसर करीब 12,180 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। योजना के तहत यहां संग्रहालय, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।
सरकार की योजना ऐतिहासिक इमारत की मूल वास्तुकला और विरासत पहचान को सुरक्षित रखते हुए उसका आधुनिक जरूरतों के अनुरूप उपयोग करने की है। इसे ‘एडैप्टिव रीयूज’ मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को पुरानी दिल्ली के इतिहास और संस्कृति को एक ही परिसर में देखने-समझने का अवसर मिल सके।
MCD के पास ही रहेगा टाउन हॉल का मालिकाना हक
समझौते के मुताबिक टाउन हॉल परिसर का मालिकाना हक MCD के पास ही रहेगा। वहीं, परियोजना को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी DTTDC को दी गई है। DTTDC पहले परिसर का सर्वे, भवन का स्ट्रक्चरल असेसमेंट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगा। इसके बाद परियोजना को सार्वजनिक निवेश या पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के जरिए विकसित करने पर विचार किया जा सकता है।
परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए DTTDC और MCD के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक संयुक्त कार्य समूह भी बनाया जाएगा। MoU की शुरुआती अवधि 30 वर्ष रखी गई है, जिसे आपसी सहमति से अगले 30 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।
1860 से 1866 के बीच हुआ था निर्माण
चांदनी चौक का टाउन हॉल दिल्ली की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इसका निर्माण 1860 से 1866 के बीच हुआ था। लंबे समय तक यह नगर निकाय का मुख्यालय रहा। बाद में MCD का मुख्यालय डॉ. एसपी मुखर्जी सिविक सेंटर में स्थानांतरित होने के बाद परिसर का बड़ा हिस्सा काफी समय से कम उपयोग में रहा है।
टाउन हॉल के ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित होने से चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार करने की योजना है। यह परिसर चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित है, जिससे इसके पर्यटन महत्व को बढ़ाने की संभावना है।
विरासत सामग्री और ऐतिहासिक रिकॉर्ड MCD के पास रहेंगे
परियोजना के तहत टाउन हॉल से संबंधित विरासत सामग्री, अभिलेखीय सामग्री, कलाकृतियां और ऐतिहासिक रिकॉर्ड MCD के पास ही रहेंगे। सरकार की योजना भवन के ऐतिहासिक और स्थापत्य स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए इसे पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाने की है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टाउन हॉल को दिल्ली के इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। उनका कहना है कि इसके पुनर्विकास से पुरानी दिल्ली की विरासत को आधुनिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा जा सकेगा।
रिपोर्टर; तेजिंदर सिंह, मुख्य संवाददता उत्तराखण्ड
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

