दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार, 17 सितंबर को दिल्ली सचिवालय में ऑर्गन डोनेशन के लिए SOTTO का स्टेट पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल के जरिए दिल्लीवासी घर बैठे अंगदान का संकल्प ले सकेंगे और रजिस्ट्रेशन के बाद डिजिटल प्लेज सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अंगदान का संकल्प लिया।
यह पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ज्यादा लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना और ट्रांसप्लांट सेवाओं के समन्वय को मजबूत करना है।
घर बैठे ले सकेंगे अंगदान का संकल्प
नए ऑनलाइन पोर्टल पर दिल्ली के निवासी अंगदान की इच्छा दर्ज कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। सरकार का कहना है कि डिजिटल माध्यम से इस प्रक्रिया को आसान बनाने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंगदान सेवा संकल्प की भावना को दर्शाता है और एक व्यक्ति का अंगदान कई मरीजों के लिए मददगार हो सकता है।
जीबी पंत अस्पताल में SOTTO हुआ ऑपरेशनल
दिल्ली सरकार ने स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) को जीबी पंत अस्पताल में ऑपरेशनल किया है। इसका उद्देश्य दिल्ली में अंग और ऊतक दान तथा ट्रांसप्लांट से जुड़ी गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। SOTTO ने अंगदान को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर के NOTTO के साथ समझौता भी किया है।
रक्तदान शिविर में 2,080 यूनिट रक्त एकत्र
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसमें रक्तदान किया। अधिकारियों के अनुसार शिविर में कुल 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ और गिग वर्कर्स के लिए रेस्ट एरिया का उद्घाटन किया। सरकार के अनुसार पहले चरण में ऐसे 13 केंद्र शुरू किए जाने हैं, जहां श्रमिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्ली सरकार के अनुसार इन पहलों का उद्देश्य सेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाना है।
रिपोर्टर; गरिमा छाबड़ा, विशेष रिपोर्टर, विपणन प्रबंधक, जनसंपर्क प्रबंधक
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

