युजवेंद्र चहल ने किया मेधावी बिधूड़ी का ‘6-7’ सेलिब्रेशन, काउंटी क्रिकेट में VIDEO वायरल
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। मैदान पर अपने प्रदर्शन के साथ-साथ चहल अपने एक खास सेलिब्रेशन को लेकर भी चर्चा में आ गए हैं। नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए उन्होंने लंकाशायर के खिलाफ विकेट लेने के बाद दिल्ली की महिला क्रिकेटर मेधावी बिधूड़ी के वायरल ‘6-7’ सेलिब्रेशन को रीक्रिएट किया।
विकेट लेते ही चहल ने किया ‘6-7’ सेलिब्रेशन
नॉर्थम्पटनशायर और लंकाशायर के बीच मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला गया। चहल ने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए लंकाशायर के बल्लेबाज जो मूर्स को क्लीन बोल्ड किया।
विकेट लेने के बाद चहल ने अपना सामान्य जश्न मनाने के बजाय मेधावी बिधूड़ी के चर्चित ‘6-7’ जेस्चर को किया। चहल का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
चहल ने बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस सेलिब्रेशन का वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने वीडियो के साथ “Outspinning the algorithm” कैप्शन लिखा।
चहल ने लिए 3 विकेट
सेलिब्रेशन के अलावा चहल ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुकाबले में 18.4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाजी के दम पर नॉर्थम्पटनशायर ने लंकाशायर को 316 रन से करारी शिकस्त दी।
यह जीत नॉर्थम्पटनशायर के लिए खास रही, क्योंकि टीम ने ओल्ड ट्रैफर्ड में करीब 27 साल बाद रेड-बॉल क्रिकेट में जीत दर्ज की।
कौन हैं मेधावी बिधूड़ी?
मेधावी बिधूड़ी दिल्ली की क्रिकेटर हैं और विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग (WDPL) 2026 में सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से खेल रही हैं। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ लेग-ब्रेक गेंदबाजी भी करती हैं।
20 अगस्त को WDPL के मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की बल्लेबाज निशिका सिंह का विकेट लेने के बाद मेधावी ने पहली बार यह खास ‘6-7’ सेलिब्रेशन किया था। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उस मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए थे।
क्या है ‘6-7’ सेलिब्रेशन का कनेक्शन?
मेधावी बिधूड़ी की जर्सी का नंबर 67 है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह शुरुआत में जर्सी नंबर 12 लेना चाहती थीं, लेकिन वह नंबर उपलब्ध नहीं था। इसके बाद उनकी छोटी बहन ने उन्हें 67 नंबर लेने का सुझाव दिया।
इसी जर्सी नंबर से जुड़ा ‘6-7’ जेस्चर मेधावी के खास सेलिब्रेशन का हिस्सा बन गया। सोशल मीडिया पर पहले से चल रहे ‘Six-Seven’ ट्रेंड के साथ उनके सेलिब्रेशन ने लोगों का ध्यान खींचा।
चहल ने भी जोड़ दिया अपना अंदाज
चहल का यह सेलिब्रेशन इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने मैदान पर मेधावी के वायरल अंदाज को दोहराकर इस ट्रेंड को इंटरनेशनल काउंटी क्रिकेट तक पहुंचा दिया।
विकेट लेने के बाद चहल के इस जश्न का वीडियो सामने आते ही क्रिकेट फैन्स के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई। चहल के फैंस उनके विकेट से ज्यादा इस मजेदार सेलिब्रेशन पर प्रतिक्रिया देते नजर आए।
चहल के लिए काउंटी क्रिकेट अहम
युजवेंद्र चहल लंबे समय से भारतीय टीम की सीमित ओवरों की योजनाओं से बाहर हैं और ऐसे में इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट उनके लिए खुद को साबित करने का अहम मंच है। नॉर्थम्पटनशायर के लिए वह पहले भी खेल चुके हैं और 2026 में क्लब के साथ उनका यह तीसरा स्पेल है।
चहल ने अपने अनुभव और लेग स्पिन से इंग्लैंड में लगातार प्रभाव डाला है। लंकाशायर के खिलाफ तीन विकेट लेने के बाद उन्होंने मैदान पर अपने मजेदार अंदाज से भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
अब ‘6-7’ ट्रेंड में चहल भी शामिल
मेधावी बिधूड़ी के WDPL में शुरू किए गए इस अनोखे सेलिब्रेशन को अब युजवेंद्र चहल ने भी अपना लिया है। एक तरफ मेधावी का 67 नंबर की जर्सी से जुड़ा जश्न वायरल हुआ, तो दूसरी तरफ चहल ने काउंटी क्रिकेट में इसे दोहराकर सोशल मीडिया पर नया बज बना दिया।
रिपोर्टर ; जसलीन कौर, मुख्य प्रबंधक

